इंदौर-देवास की 6 लेन सड़क को 12 लेन में करें तब्दील

Posted by

National highway

– यातायात के दबाव को देखते हुए कांग्रेस ने परिवहन मंत्री से की मांग, लिखा पत्र

देवास। चाहे देवास-इंदौर रोड कहे या इंदौर-देवास रोड, इसका मालवा क्षेत्र में बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है। समय के साथ इस रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इंदौर-देवास की 6 लेन सड़क को 12 लेन में करने की मांग कांग्रेस ने की है।

शहर जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने बताया, कि इस संदर्भ में देवास विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला (शहर) कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। पत्र में उल्लेख किया गया कि इंदौर महानगर है। देवास औद्योगिक क्षेत्र है। सबसे ज्यादा यातायात का दबाव भी इस मार्ग पर ही रहता है। पहले देवास-इंदौर रोड को फोर लेन सड़क में तब्दील किया गया था, बाद में दबाव को देखते हुए इसे सिक्स लेन में तब्दील किया गया, लेकिन समय के साथ देवास-इंदौर मार्ग के सिक्स लेन में भी यातायात का दबाव बढ़ गया है।

इतना ज्यादा ट्रैफिक का दबाव इस सड़क पर रहता है कि चाहे इंदौर से देवास आओ या देवास से इंदौर जाओ 2 घंटे से कम समय नहीं लगता है।

श्री राजानी ने पत्र में लिखा, कि लगभग 25 वर्ष पूर्व देवास-इन्दौर सड़क को मप्र की पहली 4 लेन सड़क केन्द्रीय सरकार के सहयोग से बनाया गया था। बढ़ती जनसंख्या के दबाव को देखते हुए इसे बाद में 6 लेन में परिवर्तित किया गया। आज के परिदृश्य एवं बढ़ते ट्राफिक को देखते हुए इस सड़क को 12 लेन में तब्दील करने की आवश्यकता है।

पत्र में अनुरोध किया गया कि बढ़ते हुए यातायात के दबाव को देखते हुए हुए उक्त सड़क को 12 लेन करने की स्वीकृति प्रदान करें। यह सड़क मप्र ही नहीं अपितु भारत में व्यवसायिक दृष्टिकोण को देखते हुए अति महत्वपूर्ण है। वर्तमान में देवास से इन्दौर डेली अपडाउनर्स एवं सामान्य यात्रा करने वालों को 35 किमी की यात्रा पूरी करने में 2 से 3 घन्टे लग रहे हैं। जगह-जगह जाम की स्थिति
निर्मित हो रही है। साथ ही भविष्य में इन्दौर, धार, उज्जैन को मिलाकर बनने वाले मैट्रोपोलिटन एरिया के लिए भी यह अत्यन्त महत्वपूर्ण सड़क साबित होगी।

भविष्य में होने जा रहे सिंहस्थ में भी इस सड़क पर अत्यधिक ट्राफिक का दबाव भी रहेगा। यह सड़क मध्यप्रदेश के दिल की धड़कन के रूप में प्रसिद्ध है। व्यवसायिक दृष्टिकोण एवं औद्योगिक विकास की सम्भावनाओं देखते हुए इस सड़क को 6 लेन से 12 लेन में परिवर्तित करने की आवश्यकता है। श्री राजानी ने लिखे पत्र की प्रतिलिपि स्थानीय सांसद एवं विधायक को भी आगामी कार्रवाई हेतु प्रेषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *