सिद्धोदय सिद्धक्षेत्र नेमावर पहुंचे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

Posted by

nemavar news

मुनिश्री से लिया आशीर्वाद, कहा विश्व में शांति लाना है तो अहिंसा बहुत जरूरी

नेमावर (संतोष शर्मा)। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार देर शाम सिद्धोदय सिद्धक्षेत्र नेमावर पहुंचे। उन्होंने यहां चातुर्मासरत आचार्य विद्यासागरजी महाराज के सुशिष्य निर्यापक श्रमण मुनिश्री वीरसागरजी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

ट्रस्ट के महामंत्री सुरेंद्र जैन, कोषाध्यक्ष महेंद्र अजमेरा, राजीव कटनेरा, सुशील काला, नप अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी, कुशल बाकलीवाल, पार्षद प्रतिनिधि कमल कासलीवाल, राहुल गंगवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री विजयवर्गीय और विधायक आशीष शर्मा का तिलक लगाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

मीडिया प्रभारी पुनीत जैन व राजीव जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री विजयवर्गीय ने मुनिश्री के दर्शन के बाद स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि मां नर्मदा के तट पर नेमावर में चातुर्मासरत मुनिश्री लोगों को सात्विक जीवन जीने का अभ्यास करा रहे हैं। जो आज के परिपेक्ष्य में बहुत ज्यादा जरूरी है। जब हम आज दुनिया का नक्शा देखते हैं तो सब तरफ हिंसा ही हिंसा दिखाई देती है। कई देशों के बीच युद्ध चल रहे हैं तो कई देशों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हिंसा से कभी शांति नहीं आती, अहिंसा से ही शांति आती है। विश्व में यदि शांति लाना है, तो अहिंसा बहुत जरूरी है। इसी दिशा में काम करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इसका प्रतीक रूप बन चुके हैं। यह भारत के संस्कार, भारत की संस्कृति, भारत की परंपरा और भारत की आध्यात्मिक शक्ति है। यह आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करने वाली विभूतियां मुनिश्री जैसे संत हैं, जो अपने लिए नहीं जीते वह समाज और देश के लिए जीते हैं। भारत को पुण्य भूमि इसलिए कहा जाता है क्योंकि यहां पर ऐसे संत तपस्या करते हैं।

मुनिश्री ने मंत्री श्री विजयवर्गीय और उनके साथ पहुंचे जनप्रतिनिधियों को समाजहित और देशहित में कार्य करते रहने का आशीर्वाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *