जब भगवान की असीम कृपा होती है, तब होते हैं धर्म के कार्य- संत कमलकिशोर नागर

Posted by

30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रवण की कथा, भजनों पर हुए भाव-विभोर

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। आप कथा श्रवण कर रहे हैं तो यह राम की देन है। जिन्हें राम ने याद किया, वो ही कथा में आए। राम रिझते हैं, तब ही हम ऐसे स्थान पर आते हैं। कभी भजन में कटौती मत करना। जब भी कोई धार्मिक कार्य में हाथ बंटा लो तो समझ लेना आप पर भगवान की असीम कृपा हुई है। सादगी से जीवन जीयो, सत्य को समझो। यह मत सोचो कि बुढ़ापे में क्या होगा। हम सत्संगी बने रहे, अच्छे कर्म करते रहेंगे तो राम हमकों याद करेंगे।

मालवा के संत पं. कमलकिशोर नागर ने श्रीमद भागवत कथा में यह विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, कि प्रेम संसार से नहीं होता है, यह तो परमात्मा से होता है। आप संसार में रहते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाते रहों। जब पशु-पक्षी तक ईश्वर का नाम लेकर इस संसार से तर गए तो मानव क्यों पीछे है।

संतश्री ने कहा, कि अपने भक्त के लिए भगवान विधि का विधान भी परिवर्तित कर देते हैं। ध्यान रखना जिस दिन भगवान की असीम कृपा होती है, उसी दिन घर में धार्मिक काम होते हैं। हवन-पूजन व कथा में महिलाएं किनारी की साड़ी पहनती है, यह सिर्फ डिजाइन नहीं है। ऐसा साेचना कि यह गिरधारी है। उनसे प्रार्थना करना कि हे! गिरधारी जिस प्रकार आपने द्रौपदी की लाज रखी, उसी प्रकार से मेरी भी लाज रखना।

sant kamal kishore nagar
संत कमलकिशोर नागर की कथा श्रवण के लिए जाते हुए श्रद्धालु।

संतश्री ने कहा कि यह शरीर एक प्रकार से हमारा करार है। हमारी कंचन काया गिरवी है। यह शरीर महादेव का है। अगर कहीं पर लोहे का टुकड़ा मिल जाए तो कोई उठाकर बेच देगा, लेकिन यह कह दो कि यह रेलवे का है तो वह उठाएगा नहीं, क्योंकि अगर उठा लिया तो सजा हो सकती है। इसी प्रकार से आप अपना शरीर महादेव का मान लो, उसे कोई हाथ नहीं लगाएगा। आज कथा में संतश्री ने कई भजन सुनाए, जिन्हें सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजक चंद्रशरण भार्गव, कमला देवी भार्गव ने व्यासपीठ का पूजन किया।

व्यवस्था संभालने में जुटे रहे लोग-

शुक्रवार को 30 हजार से अधिक श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए आयोजन समिति ने व्यवस्था की। रोटी क्लब बैंक सदस्य शीलत पेयजल की व्यवस्था में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को शरबत भी पिलाया गया। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु वाहनों से आए। इनके वाहन की पार्किंग व्यवस्था नयापुरा, छतरपुरा, बागली के श्रद्धालुओं ने संभाली।

bhandara

गर्मी का मौसम होने से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर डॉ. हेमंत पटेल के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे समय व्यवस्था देती रही। आयोजन की व्यवस्था को लेकर बागली पुलिस थाना प्रभारी अजय गुर्जर के मार्गदर्शन में पुलिस बल तैनात रहा। व्यवस्थाओं में शोभा गोस्वामी, प्रमिला तंवर, जया राठौड़, शीला चावड़ा, अर्चना श्रीवास्तव, सरोज जौहरी सहित अन्य महिलाओं को विशेष सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *