इस दीपावली पर ऑनलाइन शॉपिंग नहीं, लोकल व्यापारियों से करें खरीदारी

Posted by

बाजार में आएगा उछाल, 12 करोड़ से अधिक के व्यवसाय की उम्मीद
– खरीदी के लिए निकलिएं बाजार, जो चाहिए वह सबकुछ है यहां
देवास। बाजार में दीपावली का उत्साह-उल्लास नजर आ रहा है। घरों में रंगाई-पुताई का दौर चल रहा है। शॉपिंग की तैयारी की जा रही है। घर को सजाने के लिए बाजार में तरह-तरह के सजावटी आयटम है। इन्हें खरीदकर आप दीपावली का उत्साह दोगुना कर सकते हैं। सालभर में दीपावली ही ऐसा प्रमुख त्योहार है, जब व्यापारियों को अच्छे व्यापार की उम्मीद रहती है। हालांकि ऑनलाइन शॉपिंग ने स्थानीय व्यापार को बुरी तरह से प्रभावित किया है। हमारी अपने पाठकों से रिक्वेस्ट है कि आप बाजार में निकले और स्थानीय व्यापारियों से ही खरीदी करें। आपका बाजार की ओर यह कदम निश्चित तौर पर स्थानीय बाजार में उछाल लाएगा।
दीपावली पर अनुमानित तौर पर लगभग 12 करोड़ से अधिक का व्यापार-व्यवसाय होता है, लेकिन ऑनलाइन शॉपिंग का चलन बढ़ने से स्थानीय व्यापारियों को नुकसानी झेलना पड़ रही है। बड़ी संख्या में लोगों का रूख बाजार की ओर नहीं बल्कि अपने मोबाइल की ऑनलाइन शॉपिंग एप पर होता है। जहां सिर्फ एक क्लिक में ही घर बैठे सामान आ जाता है। आधुनिकता की चकाचौंध में अधिक संख्या में लोग ऑनलाइन शॉपिंग को तवोज्जो दे रहे हैं, लेकिन इससे वह खुशी नहीं मिल पाती जो बाजार जाकर खरीदने में। बाजार में जाकर अलग-अलग दुकानों पर सामान पसंद करना और फिर मौल-भाव कर खरीदने का मजा आप ऑनलाइन शॉपिंग में नहीं ले पाएंगे। मोबाइल पर सिर्फ आप तस्वीर देखकर सामान खरीदते हैं, लेकिन स्थानीय बाजार में आपको सेल्समैन डेमो भी दिखाता है। इस बार दीपावली पर निकलिएं अपने लोकल बाजार में और जमकर करें त्योहारी शॉपिंग। यहां सबकुछ है जो आपको चाहिए। ग्राहकों की पसंद के अनुरूप दुकानें सज चुकी है।
वैसे दीपावली तक बाजार में जमकर धन बरसने की उम्मीद व्यापारी वर्ग लगा रहा है। वाहन, इलेक्ट्रॉनिक, बर्तन व सराफा बाजार में करोड़ों का व्यापार होगा। दुकानदार भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लुभावने ऑफर दे रहे हैं। बकायदा इसके लिए बैनर दुकानों के सामने लगाए हैं। इस बार स्थानीय बाजार में ही सबकुछ उपलब्ध है तो आपको शॉपिंग के लिए इंदौर जाने की आवश्यकता नहीं है। ऑनलाइन शॉपिंग की तुलना में यहां लुभावने ऑफर दुकानदार दे रहे हैं। ग्राहकों को रिझाने के लिए स्थानीय व्यापारी किसी तरह की कसर बाकी नहीं रखना चाहते। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक वैरायटी सभी दुकानों पर उपलब्ध है।

सराफा बाजार: करीब दो करोड़ का अनुमान
सराफा बाजार को साल में दीपावली का इंतजार रहता है। सराफा बाजार में करीब डेढ़ से दो करोड़ के व्यवसाय का अनुमान है। शहर में सराफा की 100 से अधिक दुकानें है। हालांकि भाव अधिक होने से ग्राहक लाइट वेट ज्वेलरी की डिमांड कर रहे हैं। धनतेरस पर चांदी के सिक्कों की मांग अधिक रहती है। चांदी के सिक्कों की सुंदरता को बढ़ाने के लिए कई तरह की आकृति उकेरी गई है। विशेष तौर पर मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की आकृति वाले सिक्कों को पसंद किया जा रहा है। चांदी के नोट भी बाजार में आए हैं। ये पांच से 100 ग्राम वजन तक के हैं। गिफ्ट देने के लिए इन नोटों की बिक्री अधिक होने का अनुमान है। अंग्रेजी सरकार के समय के चांदी के सिक्के भी बिकेंगे। सराफा व्यवसायी संजय जैन ने बताया कि भाव अधिक होने से ग्राहक लाइट वेट ज्वेलरी की मांग कर रहे हैं। ग्राहकों की पसंद के हिसाब से लाइट वेट ज्वेलरी तैयार करवाई है। पूजा के लिए चांदी व सोने के सिक्के भी उपलब्ध है।

बर्तन बाजार: 30 लाख से अधिक का अनुमान
धनतेरस पर बर्तन बाजार में भी खूब खनक रहेगी। शहर में बर्तन की 30 से अधिक दुकानें हैं। बर्तन बाजार में 30 लाख से अधिक का व्यापार होने का अनुमान है। धनतेरस पर लोग बर्तन अवश्य खरीदते हैं। यही कारण है कि बर्तन व्यापारियों ने अपनी दुकानों को सजा लिया। चूंकि धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में ही बर्तन खरीदी की जाती है, ऐसे में बर्तन बाजार ऑनलाइन शॉपिंग से अधिक प्रभावित नहीं है। लोग बर्तन की दुकान पर जाकर ही खरीदी करना पसंद करते हैं।
बर्तन व्यापारियों का कहना है दीपोत्सव पर बर्तन व्यापारियाें को काफी उम्मीद है। धनतेरस पर तो हर व्यक्ति शगुन के तौर पर बर्तन की खरीदी अवश्य करता है। हमें उम्मीद है कि इस बार पिछले साल से अधिक व्यवसाय होगा।

कपड़ा बाजार में 50 लाख से अधिक का अनुमान
शहर में कपड़े की 400 से अधिक छोटी-बड़ी दुकानें हैं। सभी को मिलाकर देखा जाए तो 50 लाख से अधिक की खरीदी हो सकती है। कपड़ा व्यापारी भी अपने ग्राहकों का भरोसा पक्का करने के लिए बेहतर क्वालिटी के कपड़े डिस्काउंट पर दे रहे हैं। कपड़ा व्यवसायी कहते हैं कि शहरवासी अब इंदौर-उज्जैन न जाकर शहर की दुकानों से ही खरीदी कर रहे हैं। यहां उन्हें कम भाव में बेहतर क्वालिटी मिल रही है। निश्चित तौर पर कपड़ा बाजार के लिए यह एक अच्छा शगुन है।

वाहन बाजार में करीब तीन करोड़ का अनुमान
वाहनों की बिक्री धनतेरस पर अधिक होती है। इस बार दोपहिया वाहनों की बिक्री पूरे जिले में अच्छी होने का अनुमान है। जिलेभर में बड़ी संख्या में नए वाहन बिकेंगे। देवास शहर के सभी शोरूम से 300 से 350 वाहनों की बिक्री का अनुमान है। लोगों ने अपनी पसंद के रंग के अनुसार दोपहिया वाहन बुक किए हैं, जिसे शुभ मुहूर्त में घर लेकर जाएंगे। चार पहिया व दोपहिया वाहनों का बाजार करीब तीन करोड़ रुपए का होने का अनुमान है। वाहन शोरूम के संचालकों का कहना है पहले ही लोग बुकिंग करवा चुके हैं। जिन्होंने वाहन बुक नहीं किए हैं, उन्हें पसंदीदा रंग मिलने में समस्या हो सकती है।

इलेक्ट्रॉनिक बाजार में करीब 2 करोड़ का अनुमान
शहर के इलेक्ट्रॉनिक बाजार में 100 से अधिक दुकानें हैं। इस बार नामी कंपनियों की नई वैरायटी भी दुकानदार शहरवासियों के लिए लेकर आए हैं। इसमें पांच हजार रुपए से लेकर डेढ़ लाख रुपए तक का टीवी भी शामिल हैं। फ्रीज, एसी से लेकर अन्य घरेलू व ऑफिस में उपयोग होने वाली वस्तुएं शामिल हैं। दुकानों पर पहले ही लोगों ने बुकिंग करवाई है। कई लोग शुभ मुहूर्त में धनतेरस पर सामान लेने आएंगे। ग्राहकाें का रूझान ब्रांडेड कंपनियों की ओर है। कंपनियों ने भी एलईडी-ओएलईडी टीवी की अतिरिक्त वारंटी तीन साल तक बढ़ाई है। फ्रीज, एसी में  भी डिस्काउंट दिया जा रहा है। कमरे को गरम रखने वाले हीटर भी आए हैं। नवीन तकनीक वाले हीटर गरम हवा फेंककर कमरे को गर्म करते हैं। इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के संचालकों ने बताया कि वाटर प्यूरीफायर की मांग भी काफी बढ़ रही है। टेलीविजन में कई तरह की वैरायटी है। कंपनियां विशेष छूट भी दे रही है। इसका लाभ ग्राहकों को उठाना चाहिए।

धनतेरस के मुहूर्त-
इस वर्ष धनतेरस 10 नवंबर को दोपहर 12 बजकर 35 मिनट पर शुरू हो रही है तथा इसका समापन 11 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 57 मिनट पर होगा। पूजा प्रदोष काल में होती है, इसलिए धनतेरस 10 नवंबर को मनाई जाएगी।
धनतेरस पर सोने-चांदी, बर्तन या घर का कोई भी सामान खरीदने का शुभ मुहूर्त है दोपहर 2:35 मिनट से शाम 6:40 मिनट तक। अगर आप इस दिन खरीदारी नहीं कर पाते है तो आप अगले दिन 11 नवंबर को दोपहर 1:57 मिनट तक खरीदारी कर सकते हैं, क्योंकि धनतेरस तिथि अगले दिन दोपहर तक रहेगी।
धनतेरस पर शाम को कुबेरजी और धन्वंतरि देवजी की पूजा करें। प्रदोष काल शाम 06:02 बजे से 08:34 तक रहेगा। इस समय पर पूजा करना बेहद शुभ और लाभकारी माना जाता। धनतेरस के दिन सोना, चांदी, वाहन, बर्तन, प्रॉपर्टी, बही-खाता, आभूषण आदि खरीदना फलदायी माना जाता है। इस समय खरीदी गई वस्तु लंबे समय तक समृद्धि प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *