संकरी सड़क से मिलेगी मुक्ति, सफर होगा सुहाना

देवास-बरोठा-नेवरी मुख्य मार्ग बनेगा 10 मीटर चौड़ा, वर्ष 2026 में मिलेगा नया रूप
सिरोल्या (अमर चौधरी)। सड़क सिर्फ रास्ता नहीं होती, बल्कि लोगों की जिंदगी की रफ्तार होती है। जब सड़क अच्छी हो, तो सफर आसान होता है और मंज़िल भी सुरक्षित। सिरोल्या, बरोठा और नेवरी क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए वर्ष 2026 ऐसी ही राहत और खुशखबरी लेकर आ रहा है। देवास से बरोठा होते हुए नेवरी तक जाने वाला मुख्य मार्ग अब नए रूप में नजर आएगा। संकरी और हादसों का कारण बनने वाली यह सड़क अब 10 मीटर चौड़ी होकर सुरक्षित, सुगम और सुंदर बनने जा रही है।
देवास-नेवरी मुख्य मार्ग का 2026 में कायाकल्प होने जा रहा है। इस मार्ग का जल्द ही नवीनीकरण कार्य शुरू किया जाएगा। यह सड़क सिरोल्या क्षेत्र के लोगों के लिए देवास मुख्यालय से जुड़ने का सबसे महत्वपूर्ण मार्ग है। देवास से नेवरी की दूरी करीब 30 किलोमीटर है और इस सड़क से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं।
अब तक मार्ग की चौड़ाई कम होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आएदिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते थे, खासकर रात के समय सफर जोखिम भरा हो जाता था। लेकिन अब सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 10 मीटर किए जाने से न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
एमपीआरडीसी (मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) के डीएम विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सिरोल्या, बरोठा और नेवरी जैसे बड़े गांवों के ग्रामीणों को इस परियोजना से बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल मार्ग की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। सड़क का निर्माण पूरी तरह नए सिरे से किया जाएगा और दोनों ओर से चौड़ाई बढ़ाई जाएगी।
सड़क नहीं, विकास की धुरी बनेगा यह मार्ग
इस मार्ग का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि यह पूरे क्षेत्र को सीधे देवास मुख्यालय से जोड़ता है। बेहतर सड़क बनने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही मार्ग के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा, जिससे यह सड़क सिर्फ सुविधाजनक ही नहीं, बल्कि देखने में भी आकर्षक होगी।
क्षेत्र के लोगों में इस खबर को लेकर उत्साह है। उनका कहना है कि वर्षों से वे इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। अब जब यह सपना साकार होने जा रहा है, तो निश्चित ही आने वाला समय राहगीरों के लिए राहत भरा होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।




